कार्यक्रम के 23=24 साल बाद
रिपोर्ताज, चलेगा न
"एक्सीडेंटल एंकर "
"आगाज अच्छा है तो फिर अंजाम की, परवाह किसे है
सूरज दिखाए रास्ता फिर शाम की, परवाह किसे है "
अब देखो न ये बरसतिया भी मार्च तो छोड़ो अप्रैल में भी पिंड नहीं छोड़ रही। कल ही खबर मिली है कि इस बार अल नीनो भाई साहब की सक्रियता के चलते बरसात जून के बाद कम होगी I यानि समान्य से कम। हम भी खाली बैठे क्या करते सो पुरानी अल्बम ही टटोल बैठे और वहाँ मिले तीन चार ठो फुटवा. भाई साहब बाहर बारिश और कमरे के अन्दर बैठे हम और फिर मिले एल्बम के अन्दर फोटो, बस बन गया मुड और 23,24 बरस की घटना का स्मृति के आधार पर रिपोर्ताज तैय्यार I जे हुई न बात।
आप सोच रहे होंगे ये क्या शीर्षक दे दिया भाई ने I तो हुज़ूर बात है यही कोई 2002-2003 की ,उस बख्त हम दिल्ली में ड्यूटी बजाते वो भी भारत सरकार की प्रोटोकॉल ऑफिसर/लाइजिनिंग। कभी इस मिनिस्ट्री कभी उस मिनिस्ट्री शाम को वापिस अपने दड़बे में। तो हुआ यूँ कि हमारे डिपार्टमेंट अजी जनाब Khadi &Village Industries Commission के हिस्से में सितम्बर माह में हिन्दी की बिंदी लगाने के लिए एक कवि सम्मेलन का आयोजन आया।
दिवंगत सरला माहेश्वरी जी जो दूरदर्शन की बढ़िया वाली न्यूज रीडर रहीं,KVIC के हर कार्यक्रम में बतौर ऐंकर उपस्थित रहती थी। ख़ैर इंतजामात हुए और चार कवियों को 360 डिग्री मीडिया द्वारा आमंत्रित भी कर लिया गया I दिल्ली का हैदराबाद हाउस वैन्यू भी निर्धारित हो गया I डेट तो मुझे याद न आ री लेकिन शाम सात से प्रोग्राम शुरू होना था I और भाई साहब उसी समय लगभग 6 सवा 6 बजे राम जी ने ऊपर के सभी नल खोल दिए और बरखा रानी ने ऐसा धूम धड़ाका किया कि बाहर खड़े IP VIP सब हॉल के अन्दर I चेयरमैन डॉक्टर महेश शर्मा, chief executive officer बसु जी भी पधार चुके थे मिनिस्ट्री से भी राज्य मंत्री के अतिरिक्त सभी आमंत्रित अतिथि बारिश की रफ्तार देखते हुए समय से पहले ही अपना स्थान ले चुके थे।
थोड़ी अव्यवस्था जरूर हो गई थी। आमंत्रित दर्शकों का इंतजार हो रहा था तभी ख़ुद को बौछारों से बचाते हुए पद्मश्री अशोक चक्रधर,ओम प्रकाश आदित्य और बाकी दो कवि भी बरसात की नजाकत को समझते हुए सीधे हॉल में मैंने और अन्य ने उन सभी को गर्मा गर्म चाय पिलाकर थोड़ा गर्म किया फिर मैं उन्हें उनके स्थान पर बिठाकर व्यवस्था में लग गया।लगभग 7.00 बजे हमारे डायरेक्टर एस पी सिंह जी मुझे ढूंढते हुए हॉल में पहुंचे और बिना भूमिका बांधे हुए बोले " देख भाई प्रदीप सरला जी तो आने की ना हैं,वो तो बारिश में फंस गई हैं उनकी गाड़ी ख़राब हो गई है I चेयरमैन साहब ने बोला है प्रदीप को बोलकर कवि सम्मेलन शुरू करो I मैं एक दम से अचकचा गया फिर बोल दिया सर ऑफिस के प्रोग्राम में एंकरिंग करना अलग है देखो तो सामने कौन बैठे हैं I मेरे और सिंह साहब के बीच होती बातचीत को देखते हुए चेयरमैन साहब ख़ुद सीट से उठकर आए और सीधे बोले प्रदीप चलो प्रोग्राम शुरू कर वाओ। मैंने तुम्हें कविताएँ पढ़ते देखा है, और जाकर बैठ गए वापिस अपनी सीट पर I
कोई और चारा ने देखकर मैं सीधे अशोक चक्रधर जी के पास गया और समस्या बताई। उन्होंने कंधे पर हौले से हाथ रखकर हौसला अफजाई की और कहा कोशिश करो सब हो जाएगा। आप कवियों का परिचय पढ़कर माइक् मेरे हवाले कर दें बाक़ी मैं सम्भाल लूँगा I मैंने भी लाइन से सब भगवानों को स्मरण किया और लो जी सब कुछ ठीक ठाक से निपट किया I घर आकर उस शाम बनी स्थिति पर एक शेर लिखा और सो गए I फिर अगले चार सालों तक ऐंकर की भूमिका निभाते रहे फ़िर मुंबई पोस्टिंग हो गई और हमने भी एंकरिंग से दूरी बना ली। कारण स्पष्ट है दोस्तों जिस काम को करने में सहजता न हो वो करना ही क्यूँ है। और कुछ तो याद न आ रिया है I
अब बस भैय्या थोड़े लिखे को ज्यादा समझना।
-प्रदीप डीएस भट्ट -08042026
No comments:
Post a Comment