आपने एक कहावत सुनी होगी "एक पंथ दो काज"तो हुआ यूँ के मेरठ के प्रतिष्ठित कॉलेज मेरठ कॉलेज जिसकी स्थापना 1892 में हुई यानि 134 बसंत देख चुका खूबसूरत और पुराना कॉलेज और इसका फ़ैलाव भाई साहब पूरम पट्ट 106 एकड़ में। भाई इतने में तो कम से कम दो यूनिवर्सिटी बन जाएं। अंग्रेजों के जमाने में लाल पत्थर से बना पूरा कॉलेज अपने आप में अद्भुत कृति है। 10विभागीय पुस्तकालय, कुल 31 प्रोगशालाएं, (अठ्ठासी) 88 अध्ययन कक्ष और दो सभागार यानि कुल मिलाकर पठन पाठन के लिए एक आदर्श स्थान। अब 134 बरस पहले जब इसकी स्थापना हुई होगी तो आने जाने में लोगों को डर लगता होगा। अरे भईया डर तो लगेगा न। नीरा जंगल रहा होगा। बैल गाड़ी, इक्का दुक्का साईकिल और एक आध फटफटीया बस इतना ही सामान होगा कच्ची पक्की सड़कों पर। और आज तो इसकी लोकेशन प्राइम हो गई लगता है असली मेरठ यहीं है बाक़ी सब तो चाय कम पानी।
तो हुआ यूँ के प्रोफेसर रेखा राणा जी ने फोन पर हमसे हमारी प्रोफाइल भेजने को कहा। लो जी हमने कम लिखे को ज़्यादा समझना की तर्ज़ पर प्रोफाइल भेज दी और अगले दिन उन्होंने हमें निर्णायक की भूमिका के लिए लॉक कर दिया। अगले दिन वाट्सअप पर पत्र की प्रति के साथ में हमारी स्वीकृति की गुज़ारिश भी। तो लो भाई साहब 27 मार्च समय ग्यारह बजे भी निर्धारित हो गया। लेकिन जे क्या योगी जी ने 26 मार्च अष्टमी और 27 मार्च की नवमी को भी सरकारी अवकाश घोषित कर दिया। दोपहर में रेखा जी का फ़ोन सर कार्यक्रम 27 की जगह 30 को होना निश्चित हुआ है। तकलीफ़ के लिए माफ़ी। कोई गल्ल नी जी ऐसी स्थिति से तो हम कई बार दुई चार हुए हैं। 29 को फिर फोन सर दूसरे निर्णायक किन्हीं कारण वश आने में असमर्थ हैं। आप कुछ कर सकते हैं। ऐसा पहले भी घटित हो चुका है सो सधे हुए अंदाज़ में हमने सजेशन दे डाला आप अपने या अन्य किसी डिपार्टमेंट से किसी को साथ बिठा दीजिएगा हम संभाल लेंगे। हां सर ये ही ठीक रहेगा कहते हुए उन्होंने फोन रख दिया।
अब ऐसा है न हर सरकारी संस्था का हाल यही है वित्तीय वर्ष के अंतिम माह के अंतिम दिनों में ही सबको सब कुछ करना होता है। नहीं हो पाया तो बजट लेप्स और अगले साल उतना ही बजट कम मिलना है सो प्रोफ़ेसर बच्चों को पढ़ाएंगे भी, और जितने काम निर्धारित हैं के अतिरिक्त संस्कृति का समन्वय भी करेंगे। स्टाफ कम है लेकिन करना तो पड़ेगा ही। सो मैं रेखा जी की मज़बूरी समझता हूं। सो भैय्या अपनी आदत अनुसार हम तो पंद्रह मिनिट पहले ही डिपार्टमेंट ऑफ एजुकेशन पहुंच गए पता चला जिन बच्चों को सहभागिता करनी है वे एग्जाम में बिजी हैं, बारह बजे छूटेंगे। चाय पानी के बाद रेखा जी ने गुज़ारिश की कि सर यदि आपत्ति न हो तो तब तक दूसरे प्रोग्राम का शुभारंभ कर आएं। मना करने का तो सवाल ही नहीं होता सो डिपार्टमेंट ऑफ कॉमर्स पहुंच गए। पता चला नेचुरल फोटोग्राफी की प्रतियोगिता है। स्टूडेंट्स मेरठ कॉलेज के कॉर्नर चुनेंगे और फ़ोटो क्लिक करके जियो टैग के साथ डेढ़ घंटे में सब्मिट करेंगे। ख़ैर कार्यक्रम का शुभारंभ किया, चाय नाश्ता फिर निर्धारित कार्यक्रम स्थल में।
लगभग 12.40 पर कार्यक्रम शुरू हुआ, दीप प्रज्जवलन फिर मान सम्मान की प्रक्रिया अन्ततः, मौर्य जी के साथ निर्णायक की भूमिका में आ गए। कुल आठ प्रतिभागियों ने रचना पाठ किया के अतिरिक्त लॉ स्टूडेंट सुगंध सक्सेना जो कि चेहरे के पैरालिसिस की पीड़ित थी ने अलग से कविता प्रस्तुत की। कविता अच्छी थी किंतु उस लड़की को कविता पढ़ते हुए बोलने में जो पीड़ा हो रही थी उसकी हिम्मत के लिए मैंने उसे अपनी तरफ़ से रुपए पाँच सौ देकर सम्मानित किया (चित्र में देख सकते हैं) निश्चित आत्मा को सन्तोष प्राप्त हुआ। अब ऐसा तो हो नहीं सकता कि निर्णायक सिर्फ़ निर्णय देवें सो फरमाइश पर कविता भी पढ़नी पड़ी। फोटोग्राफी फिर कुछ बच्चों के सवालों का जवाब देते हुए विदाई ली। तभी रेखा जी का फ़ोन घनघना उठा उन्होंने मुस्कुराते हुए हमारी तरफ़ देखा, हम भी मुस्कुरा उठे और चल पड़े पुनः डिपार्टमेंट ऑफ कॉमर्स की ओर। अच्छी बात ये थी कि उस कार्यक्रम के दोनों निर्णायक आ चुके थे, सो पुनः स्टेज़ शेयर किया और बच्चों के साथ यादगार पल की तस्वीरें मोबाइल में कैद की। अब हमने रेखा जी से विदा ली और एक खूबसूरत दिन की यादें समेटे घर की ओर चल पड़े।
प्रदीप डीएस भट्ट -31032026
No comments:
Post a Comment