"रिटर्न गिफ्ट"
वीरेंद्र को गोरखपुर के जनता इण्टर कॉलेज में ड्यूटी ज्वाइन किए तीन बरस हो चुके थे। इस आशा के साथ वह शिक्षा निदेशालय के साथ निरन्तर सम्पर्क में था उसका उसका ट्रांसफर गृह नगर बागपत या उसके आस पास के किसी भी जिले में कहीं भी हो जाए लेकिन साहब अब अगर ट्रांसफर भी यूं ही हो जाया करे तो फिर सरकारी काम को ईनाम स्वरूप पद्मश्री न मिल जाए। इधर घरवाले उसे शादी जल्दी करने के लिए घेरे हुए थे आख़िर वो करे तो क्या करे। शादी के बाद नई नई पत्नी को कहां इत्ती दूर लेकर जाएगा। दस तरह के लफड़े नई बहु को गोरखपुर ले गया तो घर वाले तो फिर भी शायद कुछ न बोले लेकिन मोहल्ले वाले ताने मार मार के उसे ये कहकर न जीने देंगे कि इधर शादी की उधर बहु को लेकर मियां जी गोरखपुर। आख़िर शादी अपने लिए की थी या मां बाप की सेवा के लिए, भले ही उनसे उनकी औलाद काबू में ना आ रही हो लेकिन हर बात में बच्चों पर टीका टिप्पणी करने वाले मां बाप कि ये मति करियो वो मत करियो वरना चार लोग क्या कहेंगे। अब इन्हीं नासपीटे "चार लोग क्या कहेंगे" के फेर में पड़कर हर घर की हर मोहल्ले की यही नौटंकी देखकर देखकर वीरेंद्र भी बचपने से अब ब्याह के काबिल हो गया था। आख़िर थक हारकर वीरेंद्र ने शादी के लिए हां कर दी और एक महीने की छुट्टी अप्लाई कर दी और आज ही उसे सूचना मिली कि उसकी छुट्टी मंजूर हो गई है। उसने पहली फुर्सत में शामली में तैनात बड़े भाई सुरेन्द्र जो कि पुलिस में दरोगा हैं को सूचना भेजी कि भैय्या शादी की तारीख़ लॉक कर दो। मैं अगले शनिवार सुबह बागपत पहुंच रहा हूं।
वीरेंद्र के हां भरते ही पूरे घर में शादी की तैयारी शुरू हो गई। चूंकि लड़की पहले ही देखी जा चुकी थी बस इंतज़ार था तो वीरेन्द्र की हां का और आज वो भी हो गई। लड़की बिरादरी की ही थी सहारनपुर की रहने वाली और गागलहेड़ी के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में PO।
लड़की खूबसूरत हो और सरकारी बैंक में अफसर भाई साहब इसे ही शास्त्रों में सोने पे सुहागा की उपमा दी गई है। पंडितों का भरा पूरा परिवार, लड़की का बड़ा भाई फ़ौज में कर्नल छोटा भाई आई आई टी कानपुर में इंजीनियरिंग के तीसरे वर्ष में अध्ययन रत्त पिता कृषि विभाग में निदेशक। आप यूं समझ लो कि वीरेंद्र की तो पांचों उंगलियां घी में और सर कढ़ाई में वाली स्थिति हो गई। अब वीरेन्द्र का परिवार भी अपर मिडिल क्लास श्रेणी का ठहरा। पिता शंकर शर्मा पंजाब नेशनल बैंक में मैनेजर, बड़ा भाई पुलिस में एक छोटी बहन निकिता जिसकी शादी अम्बाला के बड़े बिजनेस वाली फैमिली में दो साल पहले ही हो चुकी। 27 बीघे जमीन, टयूबवेल, ट्रैक्टर, एक फार्म हाऊस। मतलब जी कुल मिलाकर दोनों परिवार धन धान्य से भरपूर।
शनिवार वाया दिल्ली होते हुए वीरेन्द्र भी घर आ पहुंचा और लग गया वो भी अपने ब्याह की तैयारियों में। भले ही बारात शामली से सहारनपुर जानी थी लेकिन बारात तो बारात है जनाब। लोग कहते हैं लड़की की शादी में हज़ारों काम भाई साहब लड़कों की शादी में उससे दो चार काम फ़ालतू ही होते हैं अब जो करे वो ही समझे। सो पहली फुर्सत में वो छोटी बहन को लिवाने अम्बाला जा पहुंचा। आख़िर शादी के घर के सौ काम अम्मा क्या क्या संभालेंगी, भाभी ने फोन पर ही बता दिया दीपू के पेपर अगले हफ़्ते तक चलेंगे सो मैं तभी आ पाऊंगी। खैर आज ये कल वो करते करते शादी का दिन भी आ पहुंचा। शादी बड़े धूमधाम से बागपत से सहारनपुर पहुंची और हंसी खुशी में सभी मांगलिक कार्यों का निष्पादन करते हुए बारात वापिस शामली आ पहुंचीं। सनातनी शादी में हज़ार तरह के रिचुअल होते हैं सो तीन चार दिन फिर यूं ही निकल गए। इधर वीरेंद्र की छुट्टी में भी दस ही दिन शेष रह गए थे सो हनीमून ट्रिप को गोवा की जगह शिमला तय किया गया और वीरेन्द्र और शाश्वती शादी के सुखद पलों को ख्वाबों में सजाते हुए अपनी सेंट्रो कार में सवार होकर शिमला जा पहुंचे।
होटल बुकिंग बड़े भाई ने पहले ही कर दी थी सो कार सीधे होटल ओबेरॉय सिसिल जा पहुंची। फ्रेश हुए और शिमला लोकल घूमने निकल पड़े अगले दिन कुफ़री भ्रमण किया। बागपत से शिमला के सफ़र में वीरेन्द्र ने बातचीत का सिलसिला प्रारम्भ किया तो शाश्वती को यह अहसास हो गया था कि वीरेन्द्र शर्मिला तो नहीं है लेकिन अनावश्यक बात करना पसन्द नहीं करता। अब शादी तो सौ प्रतिशत घरवालों की मर्ज़ी से ही हुई थी इसलिए वीरेन्द्र रिश्ते की शुरुआत में किसी भी प्रकार की ज़ल्दबाज़ी नहीं चाहता था। वीरेंद्र को जहां पीजीटी टीचर बने तीन बरस हो गए थे वहीं शाश्वती पहले ही प्रयास में डायरेक्ट PO भर्ती हुई थी। वीरेंद्र शाश्वती को इस छोटे से प्रयास में ज्यादा नहीं लेकिन थोड़ा सा जरूर समझना चाहता था ताकि सांसारिक जीवन की शुरुआत की नींव पक्की हो सके इसलिए बातें करते करते ही शाश्वती से कहा ये सही है कि हम दोनों के परिवार ही समृद्ध हैं किंतु मेरा मानना है कि हमें अपनी गृहस्थी का खर्च स्वयं वहन करने की आदत डालनी चाहिए। शाश्वती ने धीरे से अपना बायां हाथ वीरेन्द्र के दाएं हाथ में देते हुए अपनी मौन सहमति प्रकट कर दी थी। वीरेन्द्र एक पल के लिए तो रोमांचित हो उठा था फिर धीरे से शाश्वती के कान में फुसफुसाया धन्यवाद जीवन संगनी।
पिछले दो दिनों में वीरेन्द्र और शाश्वती कुछ कहकर कुछ मौन रहकर एक दूसरे के विषय में इतना तो समझ गए कि भूकंप के छोटे मोटे झटकों से तो हमारे गृहस्थ जीवन को कुछ नहीं होने वाला जब तक कि भूकंप की तीव्रता रिएक्टर स्केल पर 6,7 की न हो।
जब मन मिल जाएं तो तन स्वत: मिल ही जाते हैं। सो जब सुबह शाश्वती फ्रेश होकर बाथरूम से लौटी तो टेबिल पर एक बड़ा से लिफ़ाफे पर बड़े अक्षरों में अपना नाम लिखा देखकर असमंजस में पड़ गई। पीछे पलटकर देखा तो वीरेन्द्र बाथरूम में फ्रेश होने जा चुका था। वो सोचने लगी कल रात ही वैवाहिक जीवन की शुरुआत करने से पहले वीरेन्द्र ने उसे ॐ लिखा पैंडुलम सोने की चेन के साथ गिफ्ट किया था फिर ये लिफ़ाफे पर मेरा नाम और इसमें क्या है सोचते हुए झिझकते हुए शाश्वती ने लिफ़ाफ़ा खोला तो उसके आश्चर्य का ठिकाना न रहा वीरेन्द्र ने एक करोड़ की टर्म इंश्योरेंस पॉलिसी उसके नाम से खरीदी थी और उसे भेंट करने का दिन आज चुना था। शाश्वती बहुत जोर से हंस पड़ी जिसकी आवाज़ बाथरूम से झांक रहे वीरेन्द्र के कानों तक भी गई। थोड़ी देर बाद जब वीरेन्द्र बाथरूम से लौटा तो शाश्वती ने गले लगकर वीरेन्द्र को धन्यवाद में बस इतना कहा मुझे आप पर गर्व है मेरे जीवन साथी।
होटल छोड़ते छोड़ते भी वीरेन्द्र और शाश्वती को दिन के 11 बज गए। दोनों हंसते मुस्कुराते एक बार फिर से मॉल रोड घूमने निकल पड़े। दो घण्टे कब निकल गए पता ही नही चला। दोनों ने लंच लिया और मॉल रोड से परिवार के सभी सदस्यों के लिए कुछ न कुछ गिफ्ट खरीदे। शाश्वती सेंट्रो कार की डिक्की में सब कुछ व्यवस्थित करने में व्यस्त हो गई और वीरेन्द्र रास्ते के लिए कुछ रिफ्रेशमेंट लेने सामने की दुकान में चला गया। शाश्वती सब कुछ डिक्की में व्यवस्थित करने के बाद वीरेन्द्र का इंतज़ार करने लगी। थोड़ी देर में वीरेन्द्र दोनों हाथों में सामान समेटे आ पहुंचा और सामान को पिघली सीट पर रक्खा तभी शाश्वती बोली अब कालका तक गाड़ी हम चलाएंगे शर्मा जी। वीरेंद्र ने एक पल को शाश्वती की तरफ़ देखा फिर बोल पड़ा जैसा आपका आदेश देवी और घूमकर कार के दूसरी तरफ का दरवाज़ा खोलकर अगली सीट पर बैठने लगा तो सीट पर एक बड़े से लिफ़ाफे पर अपना नाम और लिफ़ाफे के बाईं ओर रिटर्न गिफ्ट लिखा देखकर चौंक पड़ा। उसने ड्राइविंग सीट पर बैठी शाश्वती को देखकर आंख के इशारे से पूछा क्या है ये तो शाश्वती बोल पड़ी रिटर्न गिफ्ट है शर्मा जी खोलिए तो सही। वीरेंद्र ने लिफ़ाफ़ा खोलकर देखा तो उसमें 50 लाख का लाइफ़ इंश्योरेंस अपने नाम से देखकर चौंक पड़ा। इससे पहले कि वो कुछ पूछता शाश्वती बोल उठी शर्मा जी शादी की तारीख़ तय होते ही मैंने आपकी डिटेल्स इसी लिए मंगाई थी आपने समझा ये डिटेल कार खरीदने के लिए है जब कि ये डिटेल्स दोनों कामों के लिए थी। पिछले तीन दिनों की समझ के आधार पर एक बात तो निश्चित है हम दोनों ही जिन्दगी की अहमियत समझते हैं। नए वैवाहिक जीवन की शुरुआत अगर इस तरह की समझदारी से हो रही है तो शर्मा जी निश्चिंत रहें हमें कोई भूकम्प हिला भी नही पाएगा। तो चलें शर्मा जी! जिन्दगी का स्टेयरिंग एक महिला के हाथ में होने से आपको आपत्ति तो नहीं होने वाली आपको ख़ुशी होगी ऐसी आशा है।
प्रदीप डीएस भट्ट -2801202